रात के 2 बजे हैं। मोबाइल स्क्रीन की हलकी सी रोशनी में एक लड़की चुपचाप रील्स स्क्रोल कर रही है। न दिल में चैन है, न मन में सुकून। ऐसा लगता है जैसे भीतर कुछ खाली है, जो भर नहीं पा रहा।
क्या आप भी कभी ऐसा महसूस करते हैं? क्या आपको भी लगता है कि आपकी खुशी कहीं खो गई है?
यह एहसास आज बहुत से लोगों के जीवन में आम हो गया है। हम रोज़मर्रा की छोटी-छोटी खुशियों और आराम में उलझे रहते हैं लेकिन जब कुछ समय खाली मिलता है तब अपने साथ रहने के बजाय, फिर से मोबाइल या टीवी में लग जाते हैं। जैसे एक पिता दिनभर की भागदौड़ के बाद थककर घर आता है। बच्चे सो चुके हैं, पत्नी सोने की तैयारी कर रही है और वह चुपचाप कोने में बैठकर रील्स पर ऊँगली चलाते हुए सोचता है, ‘थोड़ी देर की यह शांति अच्छी है।’ हालाँकि वह जानता है कि यह असली शांति नहीं है बल्कि थकान से भागने का एक तरीका है, जो अब आदत बन चुका है। ऐसी आदतें थोड़ी देर के लिए सुकून देती हैं पर हमें उस गहरी खुशी से नहीं जोड़ पातीं जो हमारे अंदर है।
गहरी खुशी क्या है?
गहरी खुशी वह है, जो सुख-दुःख से परे होती है। यह वह सच्चा आनंद है जो मन की स्थिरता और आत्मसंतोष से आता है। यह खुशी तभी मिलती है, जब हम खुद को, अपने विचारों को और अपने भीतर की दुनिया को समझते हैं। लेकिन आजकल की व्यस्त ज़िंदगी और मोबाइल की आदतें हमें इस गहराई से दूर ले जा रही हैं। हम बस उन चीजों में उलझे रहते हैं जो आसान हैं, जैसे थोड़ी देर की सस्ती हँसी या आराम। लेकिन यही आराम धीरे-धीरे हमारी असली ताकत और अंदर की खुशी को छीन लेता है।
तो फिर हमें क्या रोक रहा है?
हमें गहरी खुशी से जो चीज़ सबसे ज़्यादा दूर करती है, वह है – हमारे भीतर का द्वंद्व। द्वंद्व यानी वह टकराव जो हमारे मन में चलता है। जैसे: मैं इतना काम कर रहा हूँ, फिर भी संतोष क्यों नहीं है? मेरे पास सब है लेकिन अंदर खालीपन क्यों है? क्या यही जीवन है?
ये सवाल और उलझनें बहुत साधारण लगती हैं लेकिन यही हमें भीतर की तरफ ले जाने का दरवाजा खोलती हैं।
जब हम दिनभर की थकान के बाद थोड़ी देर के लिए शांति चाहते हैं लेकिन वह शांति अंदर से नहीं आती तब वह द्वंद्व बन जाती है। जब हम इस द्वंद्व को नज़रअंदाज़ करते हैं तब हम उस सच्चे समाधान से दूर हो जाते हैं, जो हमें भीतर से जोड़ सकता है।
द्वंद्व कोई गलती नहीं है। यह एक मौका है, एक संकेत है- जो हमें कहता है, ‘अब ठहरो, अब खुद को देखो।’
जब जीवन में द्वंद्व आता है तब हमें डरने या भागने की ज़रूरत नहीं है। इसके बजाय हमें अपने अंदर के गुरु से जुड़कर यह पूछना चाहिए- ‘यह द्वंद्व मुझे क्या सिखाने आया है?’ क्योंकि यही द्वंद्व हमें उस गहराई तक ले जा सकता है, जहाँ गहरी खुशी छिपी है। ये डर, चिंता, रिश्तों की उलझनें, भविष्य की चिंता- सब हमें भीतर देखने का मौका देते हैं।
तीन आसान अभ्यास:
- अपने द्वंद्व को पहचानें, उससे भागे नहीं ः जब भी मन में बेचैनी हो, खुद से ये सवाल पूछें: इस द्वंद्व के पीछे कौन-सी चाह या डर छिपा है? क्या मैं असली खुशी की तरफ जा रहा हूँ या सिर्फ थोड़े आराम की तलाश में हूँ? यह स्थिति मुझे क्या सिखा रही है?
हर रात सोने से पहले 5 मिनट रुककर दिन के सबसे गहरे द्वंद्व को एक डायरी में लिखें। इससे मन हल्का होगा और आपको अपनी दिशा साफ दिखेगी। - एक व्यक्तिगत प्रयोग करें: तय करें कि जब भी बेचैनी महसूस हो तो आप मोबाइल नहीं बल्कि मौन चुनेंगे।
हर दिन 10-15 मिनट के लिए मौन में बैठें। बस अपने भीतर के अनुभव को देखें- कुछ न सोचें, न कोई हल ढूँढें, सिर्फ साथ बैठें। यह सरल अभ्यास आपको खुद से जोड़ने में सहयोग करेगा। - ध्यान से कोई छोटा कार्य करें ः रोज़ एक छोटा-सा काम, जैसे पौधों को पानी देना, किताबें सहेजकर रखना, बर्तन धोना आदि कार्य करें। उस काम के दौरान न बात करें, न फोन देखें, न कुछ सोचें। बस उस पल में रहें। इससे आपको भीतर की शांति का अनुभव होगा।
निष्कर्ष : गहरी खुशी बाहर नहीं, आपके भीतर है- हमेशा से। लेकिन हम उसे महसूस नहीं कर पाते क्योंकि हम अपने द्वंद्व से भागते रहते हैं। जैसे ही आप अपने भीतर उठती बेचैनी को पहचानना और समझना शुरू करेंगे, वैसे ही वह बेचैनी आपका रास्ता बनने लगेगी।
अतः अगली बार जब दिल बेचैन हो, सवाल उठे या अंदर कुछ खटकने लगे तो उसे दबाएँ नहीं। वह द्वंद्व आपको बुला रहा है – आपकी ही खोई हुई खुशी से मिलने के लिए।
…सरश्री
Also Read: UNDERSTANDING KARMIC BONDAGE





